लखनऊ। बारिश के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। बंथरा-बिजनौर मार्ग पर मिट्टी धंसने से 11 हजार केवी लाइन के सात खंभे गिर गए। इससे औद्योगिक क्षेत्र द्वितीय से जुड़े वेयर हाउसों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं बंथरा फीडर से जुड़े इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। बिजली संकट से उद्योगों के साथ स्थानीय लोगों के कामकाज पर भी असर पड़ा।

बंथरा-बिजनौर मार्ग पर मां जसजीत कौर आश्रम के पास बुधवार रात बारिश के बाद अचानक मिट्टी धंस गई। इससे सड़क किनारे लगे बिजली के सात पोल एक साथ धराशायी हो गए। घटना के दौरान पेड़ गिरने से मार्ग पर भी आवागमन बाधित रहा। सूचना पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत शुरू की। नादरगंज उपखंड अधिकारी आरसी यादव ने बताया कि लाइन को ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है। शाम तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा था।

पेड़ गिरने से चार गांवों में छह घंटे बिजली गुल

समेसी विद्युत उपकेंद्र के बहरौली फीडर से जुड़े चार गांवों में भी बिजली संकट रहा। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे सूखा शीशम का पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। इससे तार टूटने के कारण फीडर में ब्रेकडाउन हो गया। बजगहिया, मुकुंदखेड़ा, सिरौना और मिहीलाल खेड़ा में करीब छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान पेयजल और घरेलू कामकाज प्रभावित रहा। बिजली कर्मचारियों ने पेड़ हटाकर तार जोड़े। अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि फॉल्ट की तलाश के बाद बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे। मरम्मत कार्य के दौरान बजगहिया क्षेत्र की आपूर्ति बंद रखी गई, जबकि अन्य क्षेत्रों की बिजली वैकल्पिक व्यवस्था से चालू रखी गई। करीब 10 बजे कर्मचारियों के पहुंचने पर पेड़ काटकर हटाने और टूटी लाइन के तारों को जोड़ने के बाद दोपहर लगभग 12 बजे आपूर्ति सामान्य कर दी गई।

गोसाईंगंज के 250 घरों में तीन दिन से नहीं पहुंची बिजली

गोसाईंगंज के साहन टोला और नेवातिन टोला में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। उमस भरी गर्मी में करीब 250 घरों के लोग बिना बिजली में रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 40 मीटर विद्युत तार क्षतिग्रस्त होने से समस्या बनी है। क्षेत्र में अब तक करीब पांच घंटे ही बिजली मिल सकी है। पेयजल संकट के साथ बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज प्रभावित हैं। साहन टोला वार्ड के सभासद श्यामेंद्र मिश्रा और नेवातिन टोला वार्ड के सभासद पति डॉ. मिराज ने तार बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों ने जल्द समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *