सीपरी बाजार पुलिस ने अंतरराज्यीय राजस्थानी चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो बदमाश चकमा देकर भाग निकले। उनको पुलिस तलाशने में जुटी है। गिरफ्त बदमाशों से तमंचा, कारतूस, लोहे के तीन सब्बल, सोने-चांदी के जेवरात समेत 12,790 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में मालूम चला कि यह बदमाश रेकी करने के बाद दिन में ही वारदात करने के बाद राजस्थान भाग जाते थे। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ झांसी में कई मामले दर्ज हैं। इन बदमाशों ने ही रविवार को सीपरी इलाके के मुंशी राम कंपाउंड में रहने वाले कारोबारी के घर में घुसकर लाखों रुपये नकद एवं जेवरात उड़ाए थे।
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सुरागकशी के दौरान तीन बदमाशों के कांशीराम पार्क के पीछे स्थित बंद पड़े क्रेशर के पास मौजूद होने की सूचना मिली। थोड़ी देर में वहां सीपरी बाजार थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे की अगुवाई में पुलिस टीम जा पहुंची। पुलिस को देख बदमाशों ने तमंचे से फायर किया लेकिन, टीम ने उनको घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के आमली कला निवासी रामस्वरूप, कालू उर्फ भूरा बागररिया, सत्यनारायण उर्फ सत्तू पवार बताया। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह लोग राजस्थान से आकर बंद मकान की रेकी करते थे। चार से पांच लोग आकर दिन में वारदात करते थे। इसके बाद सभी राजस्थान भाग जाते थे। मुठभेड़ के दौरान नारायण बागरिया और महेंद्र बागरिया भाग निकले। पुलिस उनको भी तलाश रही है।
चोरी में करते थे खास तरीके के सब्बल का इस्तेमाल
राजस्थानी गिरोह ने चोरी के लिए खास तरीके से वजनी लोहे के सब्बल बना रखे थे। इनके पास से ऐसे तीन सब्बल भी बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने पुलिस को बताया कि इन सब्बल को खास तौर से ऐसा बनाया गया था, जिसकी मदद से ताले व दरवाजे बेहद आसानी से तोड़कर अंदर जा घुसते थे। रविवार को मुंशी राम कंपाउंड स्थित मकान में चोरी के लिए भी इनका इस्तेमाल किया गया था। वारदात करके यह लोग राजस्थान में जाकर छिप जाते थे। सीओ सिटी रामवीर के मुताबिक रामस्वरूप ही मास्टर माइंड है। रामस्वरूप, कालू एवं सत्यनारायण के खिलाफ राजस्थान एवं झांसी में कई मामले दर्ज हैं।
मामले की जानकारी देतीं एसपी सिटी प्रीति सिंह…