मुहम्मदाबाद। डकोर ब्लॉक के ऐरी गांव में रविवार सुबह करीब पांच बजे मॉडल पंचायत भवन में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। पंचायत भवन में रखा अधिकांश सामान और ग्राम पंचायत से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर राख हो गए। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। आग से करीब 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

ऐरी गांव में पंचायत भवन से धुआं उठता देख ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान ओमकार पाल को सूचना दी। प्रधान ने बताया कि वह निजी काम से दो दिन से नोएडा में हैं। उन्होंने पंचायत मित्र को जानकारी दी, जिसके बाद पंचायत सचिव रोहित कुशवाहा को सूचना दी गई। सचिव ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने भवन से सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश सामान आग की चपेट में आ गया।

सूचना पर डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद, बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता और एडीओ पंचायत देवी शरण सोनी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पंचायत भवन का निरीक्षण कर जले हुए सामान और अभिलेखों का जायजा लिया। डीपीआरओ ने सचिव को डकोर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ सूचना देने के निर्देश दिए।

डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद ने बताया कि आग से पंचायत भवन में रखा परिवार रजिस्टर और ग्राम पंचायत का पूरा रिकॉर्ड जलकर राख हो गया है। इसके अलावा लाइब्रेरी के लिए रखे पांच कंप्यूटर, पंचायत कार्य के लिए इस्तेमाल होने वाले दो कंप्यूटर, वाटर कूलर, टेबल-कुर्सियां, इनवर्टर, सोलर प्लांट, आरओ मशीन, दो टीवी, सीसीटीवी कैमरे, मीटिंग हॉल की कुर्सियां और लाइब्रेरी की किताबें भी जल गईं। आग की तेज गर्मी से भवन के शीशे भी चटक गए।

एक ही परिसर में मिलती थीं कई सुविधाएं

मॉडल पंचायत भवन के साथ ही परिसर में जूनियर हाईस्कूल, खेल मैदान, राशन की दुकान और आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होते हैं। पंचायत भवन में लाइब्रेरी के अलावा ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा भी मिलती थी। इससे ग्रामीणों को इन कार्यों के लिए शहर नहीं जाना पड़ता था। अब पंचायत भवन के जल जाने से इन सुविधाओं पर भी असर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने किया था उद्घाटन

ऐरी गांव के पंचायत भवन को जिले में मॉडल के रूप में तैयार किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 24 अप्रैल 2022 को ऐरी गांव पहुंचकर पंचायत भवन का उद्घाटन किया था। भवन की व्यवस्थाओं को देखकर मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना की थी और प्रदेश के अन्य गांवों में भी इसी तरह के मॉडल पंचायत भवन विकसित करने की बात कही थी।

पंचायत भवन में विधानसभा की तर्ज पर मीटिंग हॉल बनाया गया था। गांव में सूचनाओं के प्रसारण के लिए माइक की व्यवस्था थी। प्रधान कक्ष में ग्राम पंचायत से जुड़ी महत्वपूर्ण पत्रावलियां रखी जाती थीं, जो आग में जल गईं।

फोटो - 14 मॉडल पंचायत भवन में लगी आग से जलता सामान। संवाद

फोटो – 14 मॉडल पंचायत भवन में लगी आग से जलता सामान। संवाद

फोटो - 14 मॉडल पंचायत भवन में लगी आग से जलता सामान। संवाद

फोटो – 14 मॉडल पंचायत भवन में लगी आग से जलता सामान। संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें