एट। थाना क्षेत्र के गिरथान कट के पास बुधवार रात एचपी गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से बड़ा हादसा बच गया। पुलिस ने तत्काल रूट डायवर्जन कर वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार एचपी गैस टैंकर मध्य प्रदेश के गुना से वाराणसी जा रहा था। गिरथान कट के पास सड़क की एक लेन पर निर्माण कार्य चल रहा था। दूसरी लेन पर जाते समय टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक प्रयागराज के सैदाबाद के आरा कला निवासी राकेश कुमार (45) मामूली रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। एचपीसीएल की सेफ्टी टीम भी लखनऊ से पहुंची और देर रात से सुबह चार बजे तक टैंकर की तकनीकी जांच की। जांच में गैस रिसाव नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि सड़क की एक साइड बंद होने के कारण टैंकर चालक दूसरी लेन में जा रहा था, तभी वाहन पलट गया। एहतियात के तौर पर यातायात डायवर्ट किया गया और बाद में आवागमन सामान्य करा दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *