गोमतीनगर के विकासखंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया में 15 अगस्त की रात कार से पहुंचे तीन लोगों ने वहीं स्टाफ और ग्राहकों को एक घंटे तक बंधक बना लिया। आरोपियों ने खुद को विदेश मंत्रालय का सेक्शन ऑफिसर बताया। तीनों तुर्कमेनिस्तान निवासी महिला की तलाश में होटल पहुंचे थे। होटल मैनेजर सर्वोत्तम पाठक की तहरीर पर 16 अगस्त को तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, दो को गिरफ्तार भी कर लिया।
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वाराणसी के मलदईया निवासी अभिनव सिंह और मेरठ के भावनपुर का रहने वाला शिवम चौहान है। वहीं, इसके भागे चल रहे तीसरे साथी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। अभिनव नोएडा में रहकर निजी साइबर सिक्योरिटी कंपनी में काम करता है, जबकि शिव सीसीटीवी कैमरे लगाता है।
ये भी पढ़ें – यूपी में पूरा सप्ताह रहेगा मानसूनी बारिश के नाम, कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा की चेतावनी
ये भी पढ़ें – भाजपा की नई टीम: यूपी से आठ नेताओं को राष्ट्रीय टीम में मिली जगह, पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी राष्ट्रीय महामंत्री बनीं
एडिशनल इंस्पेक्टर ने बताया कि 15 अगस्त की रात करीब एक बजे अभिनव, शिवम और उसका एक साथी कार से होटल पहुंचे थे। तीनों ने होटल का गेट अंदर से बंद कर लिया और रिसेप्शन के पास पड़े सोफे पर बैठ गए थे। मैनेजर सर्वोत्तम ने कारण पूछा तो तीनों ने खुद को अफसर बताया। मैनेजर ने जब उनसे आईडी कार्ड मांगा तो वे गाली-गलौज करने लगे। उनके और स्टाफ के मोबाइल कब्जे में ले लिए। रिस्पेशन पर रखे सारे दस्तावेज और इंट्री रजिस्टर भी कब्जे में ले लिया। तीनों स्टाफ और ग्राहकों से पूछताछ करने लगे।
पुलिस को सूचना मिलते ही भागे आरोपी
एक घंटा बीतने पर मैनेजर ने जब किसी तरह से पुलिस को सूचना दी तो आरोपी वहां से रजिस्टर और दस्तावेज लेकर भाग निकले। पुलिस ने होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस के जरिये अभिनव और शिवम को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया।
