जालौन। नगर के मोहल्ला सहावनाका निवासी प्रदीप वर्मा की आत्महत्या का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। घटना से पहले प्रदीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए थे। घटना के बाद परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सहावनाका निवासी प्रदीप कुमार ने अपने सात माह के बीमार बेटे धीरज के इलाज के लिए मोहल्ला घुआताल निवासी राजबहादुर यादव से दो लाख रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में मकान का मुहायदा किए जाने की बात सामने आई थी। प्रदीप की पत्नी शीला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उधार ली गई रकम में से करीब डेढ़ लाख रुपये वापस करने के बावजूद मकान वापस नहीं किया गया।

आरोप है कि बाद में राजबहादुर यादव ने मकान छह लाख रुपये में लेने की बात कही और राजबहादुर के भाई तथा दस्तावेज लेखक माताप्रसाद के साथ मिलकर मकान राजबहादुर के भाई के नाम करा लिया गया। इसके बदले चेक से भुगतान किए जाने की बात कही गई, लेकिन बाद में चेक वापस लेकर दो दिन में नकद रुपये देने का आश्वासन दिया गया। आरोप है कि रुपये नहीं दिए गए।

14 अगस्त को प्रदीप द्वारा रुपये मांगने पर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और वहां से भगा देने का आरोप भी लगाया गया। इसके बाद प्रदीप मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। 15 अगस्त की रात उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले सामने आए वीडियो में उसने कथित तौर पर आरोपियों पर धोखाधड़ी करने और रुपये न देने के आरोप लगाए थे। प्रदीप की पत्नी की तहरीर पर राजबहादुर यादव, उसके भाई और दस्तावेज लेखक माताप्रसाद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।

परिजनों का आरोप है कि समय बीतने के बाद भी सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें परिजन रोते हुए न्याय की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी राज बहादुर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संपत्ति की जांच की मांग, पत्नी बोली- आय के स्रोत भी सामने आएं

प्रदीप कुमार की आत्महत्या के मामले में उनकी पत्नी शीला देवी ने नामजद आरोपी राजबहादुर यादव की चल-अचल संपत्तियों की जांच कराने की मांग उठाई है। उनका आरोप है कि राजबहादुर मूल रूप से जालौन के रहने वाले नहीं हैं और काफी समय पहले रिश्तेदारी के चलते यहां आए थे।

शीला देवी का कहना है कि स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो दशक पहले उनकी आर्थिक स्थिति सामान्य थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने बड़ी संपत्ति अर्जित की। ऐसे में उनकी चल-अचल संपत्तियों के साथ आय के स्रोतों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

दो टीमें कर रहीं गिरफ्तारी का प्रयास

सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *