झांसी। सीएम ग्रिड योजना के तहत इलाइट चौराहे से पहूंज नदी के बीच सड़क सुधार कार्य में नगर निगम और रेलवे के बीच अब 16 करोड़ रुपये को लेकर पेंच फंस गया। सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन देने के एवज में रेलवे ने नगर निगम से 16 करोड़ रुपये मांगे हैं। अब इतनी बड़ी रकम खर्च करने पर नगर निगम सहमत नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में करीब 700 मीटर तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रभावित हो सकता है।
सीपरी बाजार में पुराने पेट्रोल पंप से सरस पैलेस के बीच करीब 700 मीटर हिस्से की जमीन को लेकर नगर निगम और रेलवे के बीच कई महीने से विवाद चल रहा है। नगर निगम इस जमीन को अपनी बता रहा है जबकि रेलवे यहां बनी दशकों पुरानी बाउंड्रीवाल के सहारे इसे अपनी संपत्ति बता रहा है हालांकि चौड़ीकरण के लिए वह इस जमीन को 35 साल की लीज पर देने को तैयार है। इसके एवज में रेलवे ने करीब 16 करोड़ रुपये की मांग की है। इतनी बड़ी रकम खर्च करने पर नगर निगम सहमत नहीं है। जमीन का मामला न सुलझने पर करीब 700 मीटर हिस्से में सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई कम करनी पड़ सकती है। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा के मुताबिक जमीन का मामला सुलझने के बाद ही इस हिस्से में सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
