समथर। बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान समथर क्षेत्र के ग्राम बरथरी स्टेट में एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय पीड़ित कालीचरण अहिरवार की पत्नी मकान के पास मौजूद थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गई। दीवार गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कालीचरण अहिरवार ने बताया कि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मकान की दीवार कमजोर हो गई थी। एसडीएम मोंठ माज अख्तर ने बताया कि बारिश के कारण मकान की दीवार गिरने की सूचना मिली है। राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर जांच एवं नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
