कोंच। नगर में आवारा कुत्तों के आतंक का मामला सामने आया है। एट तिराहे के पास शुक्रवार की रात आवारा कुत्तों के झुंड ने भेड़ों के झुंड पर हमला कर दिया। हमले में करीब 35 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि कई भेड़ें घायल बताई जा रही हैं। घटना के बाद भेड़ पालक ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई की मांग की है।
कस्बे के एट-कोंच रोड निवासी जासूद खान ने शनिवार को एसडीएम अभिनव कुमार व कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने बताया कि एट तिराहे के समीप एक स्थान पर वह अपनी भेड़ों को पालते हैं। शुक्रवार की देर रात वह और परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर दिया। मले में करीब 35 भेड़ों की मौत हो गई। भेड़ पालक के मुताबिक, घटना में उसे करीब सवा तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। जासूद खान ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर आवारा कुत्तों के आतंक पर अंकुश लगाने और हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
एसडीएम ने तहसीलदार को सौंपी जांच
मामला संज्ञान में आया है। तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की जांच के बाद ही घटना में मृत और घायल भेड़ों की वास्तविक संख्या तथा नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अभिनव कुमार, एसडीएम कोंच
