झांसी। बारिश के बीच सोमवार सुबह कोतवाली क्षेत्र की चूड़ी वाली गली में करीब 100 साल पुराने मकान की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में कमरे में सो रहे दंपती मुकेश हरायण (49) और सरोज (46) मलबे में दब गए। दोनों को करीब डेढ़ घंटे बाद बाहर निकाला जा सका। अस्पताल में डॉक्टरों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुकेश की हालत नाजुक बनी हुई है।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे अचानक मुकेश के हिस्से की पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। उस समय मुकेश और सरोज कमरे में सो रहे थे। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर पड़ोसी और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ सिटी रामवीर सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस और दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया। मुकेश को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सीओ सिटी रामवीर सिंह के मुताबिक, बारिश की वजह से मकान का जर्जर हिस्सा कमजोर होकर ढह गया।
मकान पुराना होने से रेस्क्यू में आई परेशानी
हादसे की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए। कुछ देर बाद पुलिस और दमकल की टीम पहुंची, लेकिन घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा था। इसके अलावा मकान के दरवाजे भी काफी कम ऊंचाई के थे। इससे बचावकर्मियों को भीतर जाने और मलबा हटाने में परेशानी हुई।
मुकेश के छोटे भाई की बहू अनीता और पड़ोसी रामशरण के मुताबिक, पिछले साल मकान के एक हिस्से को तोड़कर नए सिरे से बनवाया गया था, लेकिन जिस हिस्से में मुकेश अपनी पत्नी के साथ रहते थे, वह पुराना ही था। ईंट और गारे से बनी दीवार तीन दिन से हो रही बारिश के कारण और कमजोर हो गई थी। मकान के अगले हिस्से में मुकेश खुद ऑनलाइन कंप्यूटर जॉब वर्क करते हैं, जबकि दूसरे हिस्से में उनके छोटे भाई का परिवार रहता है।
डेढ़ घंटे तक मलबे में दबा रहा दंपती
हादसे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक दंपती मलबे में दबा रहा। बचाव कार्य के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस और दमकलकर्मियों ने लोगों को दूर कर रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 8:30 बजे मलबा हटाकर सबसे पहले मुकेश को बाहर निकाला गया। कुछ देर बाद सरोज को भी घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया।
मुकेश और सरोज का एक बेटा अभिषेक है, जो दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। परिजनों के मुताबिक, फिलहाल उसे हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद सरोज का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
