उरई। छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने बुधवार को मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत जिले में अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर तीन स्कूली वाहनों को निरुद्ध कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। छह अन्य वाहनों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार और यात्रीकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली, यात्री और अन्य वाहनों की जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन की जांच में तीन स्कूली वाहनों में परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिला। इस पर वाहनों को निरुद्ध कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। इसके अलावा अन्य वाहनों के भी चालान किए गए। यात्रीकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने स्कूली वाहनों समेत छह वाहनों के खिलाफ अनधिकृत संचालन मिलने पर चालान की कार्रवाई की।
