झांसी। प्रताप लाकड़ा की हैट्रिक से पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश ने मेजबान उत्तरा प्रदेश को 5-3 से हराकर यहां चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। खिताबी मुकाबले में बुधवार को मध्य प्रदेश का सामना हरियाणा से होगा, जिसने सेमीफाइनल में पंजाब को शूटआउट में हराया। उत्तर प्रदेश और पंजाब की टीमें कांस्य पदक के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी।

बढ़त को बरकरार नहीं रख सकी यूपी की टीम

मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने शानदार शुरुआत की। पांचवें मिनट में ही मिथलेश कुमार ने मैदान गोल कर यूपी को एमपी पर 1-0 की बढ़त दिला दी। प्लेयर ऑफ द मैच प्रताप लाकड़ा ने 11वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बराबरी दिलाई। 17वें मिनट में आशु मौर्य ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर यूपी को फिर 2-1 से आगे कर दिया, लेकिन लाकड़ा ने 28वें मिनट में फिर से पेनाल्टी कॉर्नर पर बराबरी का गोल किया। 30वें मिनट में लाकड़ा की स्टिक से पेनाल्टी कॉर्नर पर एक और गोल निकला, जिससे उनकी हैट्रिक पूरी हुई और एमपी ने 3-2 से बढ़त हासिल कर ली। इसके चार मिनट बाद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शारदानंद तिवारी ने अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए एक बार फिर यूपी को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद यूपी के खिलाड़ी गेंद पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं रख सके। एमपी की ओर से 45वें मिनट में अहमद अली और 52वें मिनट में अर्जुन शर्मा ने गोल कर टीम को फाइनल में पहुंचाने में मदद की।

शूटआउट में हरियाणा ने पंजाब को हराया

इससे पूर्व खेले गए पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने पंजाब को शूटआउट में 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों की ओर से स्कोर 3-3 की बराबरी पर रहा था। सेमीफाइनल मैचों के दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी, हॉकी इंडिया के चयनकर्ता और पूर्व ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी, भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के चयनकर्ता एवं कोच फ्रेडरिक सोयेज, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी हिकमत उल्ला खान, झांसी हॉकी के सचिव सुबोध खांडेकर, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

बुधवार के मुकाबले

तीसरे स्थान के लिए उत्तर प्रदेश बनाम पंजाब : सुबह 11 बजे

फाइनल मुकाबला हरियाणा और मध्य प्रदेश : शाम तीन बजे

– हम रणनीति के अनुसार नहीं खेल सके

हमारी टीम अपनी रणनीति के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सकी। हमने अपना रेफरल पहले ही खो दिया था, जिसकी वजह से हमें अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। हम पेनाल्टी कॉर्नर नहीं ले सके। हमने जो रणनीति बनाई थी, उसके अनुसार खिलाड़ी खरे नहीं उतर सके। हाफ टाइम के बाद मध्य प्रदेश ने खेल में तेजी लाई। प्रताप लाकड़ा ने अच्छा खेला और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण गोल किए।

– अतुल दीप कप्तान, उत्तर प्रदेश

टीम के एकजुट प्रदर्शन से मिली जीत

मध्य प्रदेश की जीत का श्रेय पूरी टीम के एकजुट प्रदर्शन और कोच की रणनीति को जाता है। हमारी पूरी टीम ने एकजुट होकर खेला। कोच ने जो रणनीति बनाई थी, सभी खिलाड़ियों ने उसी के अनुसार खेला। हम सीनियर नेशनल में दूसरी बार फाइनल खेलेंगे, इसको लेकर बहुत खुश हैं। हमें पहले से ही मालूम था कि प्रताप आज कुछ करेगा। उसने शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में भी टीम इसी तालमेल और रणनीति के साथ उतरेगी।

– यूसुफ अफान, कप्तान मध्य प्रदेश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *