One-year-old Sonali dies after falling into a 10-foot-deep pit

फोटो – 02 मृतक सोनाली की फाइल फोटो।

कोंच। घर में खेलती-कूदती एक साल की मासूम सोनाली को क्या पता था कि मकान निर्माण के लिए खोदा गया गहरा गड्ढा उसकी जिंदगी छीन लेगा। खेलते-खेलते वह पिलर के लिए खोदे गए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। आधे घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


नदीगांव थाना क्षेत्र के परासनी गांव निवासी रामलखन बरार के मकान के बाहरी हिस्से में निर्माण कार्य होना था। इसके लिए दो दिन पहले ही पिलर बनाने के लिए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे खोदे गए थे। बृहस्पतिवार देर शाम रामलखन की एक वर्षीय बेटी सोनाली घुटनों के बल चलते हुए खेल-खेल में निर्माणाधीन हिस्से में पहुंच गई और गड्ढे में जा गिरी। कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। निर्माणाधीन हिस्से में पहुंचकर गड्ढे में देखा तो उनके होश उड़ गए। मासूम को गड्ढे में पड़ा देख परिवार के लोगों की चीख निकल गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और फावड़ों की मदद से गड्ढे के आसपास खोदाई शुरू की। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्ची को गड्ढे से बाहर निकालने में करीब आधा घंटा लग गया। सूचना मिलने पर सीओ परमेश्वर प्रसाद और नदीगांव थानाध्यक्ष राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सोनाली को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

दो बहनों में छोटी थी सोनाली

सोनाली दो बहनों में छोटी थी। उसकी बड़ी बहन की उम्र करीब ढाई साल है। जिस घर में कुछ देर पहले तक मासूम की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां उसकी मौत के बाद चीख-पुकार मच गई। बेटी को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से गमगीन हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *