कोंच। शनिवार की रात जिस मां ने सीने से चिपका कर अपने लाड़ले को सुला रखा था। लेकिन रविवार सुबह उनके लिए मनहूस बन गई और हादसे में मां बेटे ने एक साथ अंतिम सांस ली। दृश्य देखकर लोगों की आंखों में आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।

Trending Videos

ग्राम महलुआ में रविवार तड़के हुए हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा है। एक साथ हुई मां बेटे की मौत ने लोगों को रुला दिया है। बताया गया है कि एक ही डबलबेड पर सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों में से मां-बेटे को ढही दीवार ने हमेशा हमेशा की लिए सुला दिया है। बेड पर देवू अपनी मां मोहिनी के सीने से चिपक कर सो रहा था। सोते समय ही अचानक दीवार छहने से नीचे लेंटर गरिने पर जब फ्रिज का कंप्रेसर फटा तो दोनों को सोते वक्त ही मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम छाया है।

अखिलेश के घर पर कुदरत का पहाड़ टूटा है। बता दें कि 30 जुलाई को अखिलेश के दोस्तों ने केक कटवा कर उसका जन्मदिन मनाया था। इसके बाद अखिलेश के इकलौते बेटे देवू का 6 अगस्त को जन्मदिन था। अखिलेश ने देवू को जन्मदिन पर नए कपड़े दिलवाए थे और पूरे परिवार ने मिलकर बड़े ही उल्लास के साथ उसका जन्मदिन मनाया था। देवू ने अपने गांव भर के दोस्तों को बुला कर उन्हें अपने हाथों से केक खिलाकर जमकर मस्ती की थी।

अखिलेश को नहीं पता, उजड़ गया परिवार

कोतवाली क्षेत्र के महलुआ गांव में घर में एक साथ सो रहे परिवार के लोगों पर अचानक छत गिर गई। जिससे मां-बेटे की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्री जिंदगी व मौत से जूझ रहे हैं। हादसे में घायल अखिलेश व उसकी बेटी अदिति का झांसी में इलाज चल रहा है। घटना ने गांव के साथ-साथ पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। लेकिन झांसी के अस्पताल में भर्ती अखिलेश को अभी पता नहीं है कि उसने पत्नी व बेटे को हमेशा के लिए खो दिया है। अखिलेश बार-बार अपनी पत्नी मोहनी व बेटे देवू के बारे में पूछ रहा है और उनसे बात करने की जिद कर रहा है। बेटी भी अपनी मां से मिलने के लिए तड़प रही है लेकिन परिजन हालातों को देखते हुए कुछ कह नहीं पा रहे हैं। परिजन उसकी स्थिति को देखकर न रो पा रहे हैं और न ही उसे कुछ बता पा रहे हैं।

दादा-दादी लाडला था देवू

कोंच। अपनी मां के साथ हमेशा के लिए मौत की नींद सोया देवू अपने परिवार में सबसे छोटा और लाड़ला था। देवू के सबसे छोटा होने के कारण दादा अवधेश व दादी राधा उसे सबसे ज्यादा प्यार करते थे। देवू दिन भर अपने दादा-दादी के पास ही खेलता रहता था लेकिन सोता अपने माता पिता के साथ था। देवू अपनी बहन अदिति के साथ कोंच के एएसबी स्मार्ट पब्लिक स्कूल में पढ़ता था, देवू यूकेजी में पढ़ता था व अदिति सेकंड क्लास में पढ़ती है।

सूचना पर तत्काल पहुंचे कोतवाल राहत कार्य में जुटे रहे

कोंच। रविवार तड़के जैसे ही कोतवाल कोंच अरुण कुमार राय को घटना की जानकारी हुई तो वह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत कोंच से जेसीबी बुलाई। इसके बाद मलबे में दबे परिवार को निकलवाने में लगे रहे। कोतवाल ने बच्चों सहित चारों लोगों को पुलिस फोर्स के साथ सीएचसी भिजवाया ताकि घायलों को समय से उपचार मिल सके। उन्होंने घायलों को रेफर कराया व मृतकों के पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

एसडीएम-सीओ ने दिखाया अपनत्व, समझातीं रहीं घर की महिलाओं को

कोंच। ग्राम महलुआ में एक परिवार के ऊपर अचानक टूटे पहाड़ ने सब की आखों में आंसू भर दिए। कोंच की एसडीएम ज्योति सिंह व क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह ने भी मौके पर पहुंच गईं और परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। घर के कमरे में परिवार व रिश्तेदारों की महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।

सरकार तक पहुंची हादसे की गूंज, सीएम योगी ने जताई संवेदना

कोंच। कोतवाली क्षेत्र के महलुआ गांव में रविवार तड़के हुए हादसे की गूंज सरकार के कानों में भी सुनी गई। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री सीएम योगी ने जालौन में हुए हादसे का संज्ञान लिया। सीएम ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। बता दें कि ग्राम महलुआ तहसील कोंच में अखिलेश पुत्र अवधेश का पक्का मकान गिर गया जिसमें दबकर अखिलेश की पत्नी मोहिनी (35) तथा पुत्र देवू (5) की मृत्यु हो गई तथा अखिलेश (35) व उसकी बेटी अदिति (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिलाधिकारी जालौन तथा पुलिस अधीक्षक जालौन भी घटनास्थल पर पहुंचे। जिलाधिकारी के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को दैवी आपदा सहायता की धनराशि 4 लाख प्रति मृतक तथा तथा पक्के मकान की क्षति पर 1 लाख 20 हजार रुपये एवं कपड़ों व गृहस्थी के लिए पांच हजार की आर्थिक सहायता दिए जाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। (संवाद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *