जालौन। नगर पालिका कार्यालय के लिए नया भवन छत्रसाल मैदान के बगल में बनाया जाएगा। इसको लेकर बोर्ड बैठक में सभासदों ने अपनी स्वीकृति दी है। इसके अलावा पटल पर रखे गए 17 प्रस्तावों को ध्वनिमत से पारित किया गया।
नगर पालिका की बोर्ड बैठक पालिकाध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल की अध्यक्षता और सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा की उपस्थिति में हुई। इस दौरान पटल पर 17 प्रस्तावों को ईओ सुशील कुमार ने रखा। जिसमें से सबसे अहम प्रस्ताव नगर पालिका के तहसील रोड स्थित पुराने भवन को तोड़कर पार्किंग और दुकानों के निर्माण कराया जाना एवं नगर पालिका कार्यालय के नए भवन का निर्माण छत्रसाल इंटर कॉलेज के बगल में खाली पड़ी भूमि पर कराए जाने का प्रस्ताव रहा। जिस पर सभासदों ने सहमति जताई।
दूसरा प्रस्ताव नगर में डेकोरेटेट लाइट्स प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण रहा। इस प्रस्ताव पर भी सभी सभासदों ने सहमति जताई। वहीं, 15 अगस्त को नगर के प्रमुख मंदिरों, भवनों और चौराहों को दुल्हन की तरह सजाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सहमति से पारित किया गया।
अन्य प्रस्तावों में उपवन योजना के अंतर्गत भूमि आवंटन एवं डीपीआर बनाया जाना, नगर के वार्डों में विकास कार्य कराया जाना, उरई चौराहे से टीवीएस एजेंसी तक वृक्षारोपण, जाली, एवं पानी की पाइप लाइन डाले जाने, रोपे गए वृक्षों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड क्रय करने एवं जाली व पिलर की सुरक्षा पर सहमति जताई गई।
नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत पालिका की खाली पड़ी भूमि पर पार्किंग व आय बढ़ाने के लिए दुकानों के निर्माण की स्वीकृति पर सभासदों ने सहमति व्यक्त की है। जिसमें बस स्टैंड पर दो मंजिला मार्केट व पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। आय बढ़ाने के अन्य स्रोत में नगर के प्रमुख चौराहों व तिराहों पर एलईडी लाइट व विज्ञापन डिस्प्ले लगवाने पर भी सभासदों ने सहमति जताई। इस मौके पर सभी सभासद मौजूद रहे।
