कोंच। रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पड़ोसियों ने दमकल टीम को जानकारी देकर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ की। आग से लाखों का नुकसान हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लाजपत नगर स्थित पुरानी सब्जी मंडी में तिलक नगर निवासी फिरोज खान की बच्चों के रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। शुक्रवार तड़के दुकान में आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये के रेडीमेड कपड़े जलकर राख हो गए। दुकान की शटर से जब आग की लपटें और धुआं बाहर आने लगा तब पड़ोसियों को जानकारी हुई और दमकल व दुकानदार को सूचना देकर सबमर्सिबल पंप चालू कर आग बुझाने में जुट गए।
सूचना पाकर पहुंचे दुकानदार ने यूपी 112 पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी। यूपी 112 पीआरबी तो मौके पर पहुंच गई पर दमकल की गाड़ी घटनास्थल के बजाय नदीगांव रोड के पास नवीन फल एवं सब्जी मंडी में पहुंच गई। जब तक दमकल कर्मी आग वाली जगह पर पहुंच पाते तब तक सारा समान राख हो चुका था और पड़ोसियों ने आग पर काबू पा लिया था।
गनीमत रही कि आग पर समय पर काबू पा लिया गया वर्ना आसपास की दुकानें भी चपेट में आकर एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। फिरोज के पड़ोसी दुकानदार मुन्ना मान खां की सब्जी की दुकान भी आंशिक रूप से चपेट में आ गई। दुकान में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। एसडीएम ज्योति सिंह ने सदर लेखपाल अखिलेश कुशवाहा को मौके पर भेज कर पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। कोतवाल अरुण कुमार राय का कहना है कि दुकानदार फिरोज ने तहरीर दी है, मामले की जांच की जा रही है।
जमीन बेच कर खोली थी दुकान, आग ने किया बर्बाद
कोंच। सब्जी मंडी में रेडीमेड कपड़ों की जो दुकान आग में जलकर राख हो गई है। वह दुकानदार फिरोज ने दो साथ पहले अपने हिस्से की जमीन बेचकर बाजार में दुकान खरीदी और उसमें माल भरा था। उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि शुक्रवार की सुबह आग में राख हुई दुकान उसे कंगाल बना देगी। अपना सब कुछ गंवाने से फिरोज सदमे में है। (संवाद)
