संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Tue, 27 Aug 2024 12:32 AM IST
माधौगढ़। लोडर में लादकर औरैया बेचने ले जा रहे चावल को पुलिस ने हमीदपुरा के पास पकड़ लिया। पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक को सूचना दी। सूचना पर नायब तहसीलदार, पूर्ति निरीक्षक मौके पर पहुंच गए। चावल को नाप तौल के बाद नवादा कोटेदार के सुपुर्द कर दिया गया है।
गोहन पुलिस ने हमीदपुरा के पास सोमवार को लोडर को पकड़ लिया। पुलिस को देख लोडर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने लोडर से गौरा चिरैया निवासी ठेकेदार राजा बाबू को पकड़ लिया। पुलिस की सूचना पर नायब तहसीलदार वैभव कुमार गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, बाबू चंद्रशेखर,कौशल पहुंच गए।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि नापतोल करने पर पता चला कि लोडर में 24 क्विंटल चावल लदा था। चावल नवादा कोटेदार वेद प्रकाश दीक्षित के सुपुर्द कर दिया गया हैं। चावल को दिल्ली जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में सरकारी चावल की रिपोर्ट आती हैं, माफिया के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
