मुहम्मदाबाद। कस्बा डकोर के आंगनबाड़ी केंद्र में दिमागी बुखार से बचाव के लिए एक दर्जन बच्चों का अभिभावकों को बिना सूचना दिए टीकाकरण किया गया है। इससे नाराज अभिभावकों ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पाकर पहुंचे सीएचसी अधीक्षक डॉ. इदरीश मोहम्मद ने अभिभावकों को समझा बुझाकर शांत कराया।
बता दें कि कस्बा डकोर में अभिभावकों ने आंगनबाड़ी केंद्र में स्कूल की छुट्टी के बाद टीम ने 13 बच्चों को जेई का टीका लगाया। टीका लगने के बाद जब बच्चे रोते हुए अपने घर पहुंचे तो परिजन आक्रोशित हो गए। आंगनबाड़ी केंद्र पर इकट्ठा हुए अभिभावकों कामिल, भूरा, टीपू, हासिम, इरफान, कादिर, शाहिद आदि ने आरोप लगाया कि उनके बच्चों को जबरन मुंह दबाकर टीकाकरण किया गया है।
कहा कि टीकाकरण की जानकारी भी नहीं दी गई। अभिभावकों का आरोप है कि जबरन टीकाकरण से कुछ बच्चों के हाथों से खून तक निकल आया है। नाराज ग्रामीणों को सीएचसी अधीक्षक डॉ. इदरीश मोहम्मद ने टीके के बारे में जानकारियां देकर अभिभावकों का गुस्सा शांत कराया। उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मचारी अब ग्रामीणों को बिना जागरूक किए टीकाकरण नहीं करेगा।
