उरई। पुलिस की संयुक्त टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों के पास से बाइक, बर्तन, नकदी, मोबाइल व चांदी बरामद हुई है। दोनों पर विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
खुलासा करते हुए एसपी ड़ॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि कोतवाली उरई, एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर शहर के राठ रोड स्थित पुल के पास से शातिर चोर तुलसी नगर निवासी धमेंद्र उर्फ मुन्नालाल, पुराना रामनगर ईदगाह के पीछे निवासी वीरू को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक बाइक, पीतल तांबा के बर्तन, सिलिंडर, चार मोबाइल, 36100 रुपये दो जोड़ी चांदी की पायलें बरामद की हैं।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए धर्मेंद्र उर्फ मुन्नालाल पर उरई व रेंढ़र थाने में 18 मामले और वीरू पर एट, कैलिया, उरई व रेंढ़र थानों में 17 मामले विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों को जेल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई सात चोरियों का माल टीम ने बरामद किया है।
