संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Sun, 15 Sep 2024 02:21 AM IST
उरई। जिला महिला अस्पताल में एक चिकित्सक के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ होने पर हंगामा हो गया। मरीजों को व्यवस्थित करने के लिए लगाई कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब थी। हंगामे की जानकारी पाकर पहुंची सीएमएस ने मरीजों को समझाया। भीड़ देखकर चिकित्सक भी कक्ष से उठकर चले गए। हालांकि कई मरीज ऐसे थे, जो उनके आने तक कक्ष के बाहर बैठे रहे।
शनिवार सुबह दस बजे महिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार सिंह राजपूत निर्मल के कक्ष में मरीजों की भीड़ लगी थी। हालत यह थी कि कुछ मरीज तो बिना नंबर ही जबरन चिकित्सक के कक्ष के अंदर भी घुस आए। वहीं, मरीजों को व्यवस्थित करने में जिस कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी, वह गायब थीं। देर होने पर और बिना नंबर के लोगों के अंदर घुसने पर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
इससे बगल के कक्ष में मरीज देख रहीं सीएमएस डॉ. सुनीता बनौधा भी शोर-शराबा सुनकर बाहर आ गई। उन्होंने मरीजों से व्यवस्थित होकर लाइन लगाने के लिए कहा। लेकिन, तब तक कक्ष में इतनी अव्यवस्था फैल चुकी थी कि चिकित्सक अपने कक्ष से उठकर चले गए। इससे हंगामा तेज हो गया। इस पर सीएमएस ने फोन कर चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक का कहना था कि वह नहीं चाहते कि किसी मरीज को परेशानी हो लेकिन किसी कर्मचारी की ड्यूटी लगा दी जाए ताकि वह लाइन से मरीज को अंदर भेजे या फिर टोकन नंबर जारी कर दिए जाए। सीएमएस का कहना है कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगे है, उसकी शासन से ऑनलाइन मॉनीटरिंग होती है।
