लखनऊ। नवरात्र के चौथे दिन रविवार को चौक स्थित बड़ी काली जी मंदिर में एक तरफ कीर्तन-पूजन चलता रहा, वहीं कई परिवार मुंडन संस्कार के लिए भी बच्चों को लेकर पहुंचे।
मेहंदीगंज स्थित शीतला माता मंदिर में भी मेला लगा। मखानों व फूलों से मां का शृंगार हुआ। मंदिर की पुजारी पूजा तिवारी ने बताया कि हर दिन 400 से 500 भक्त दर्शन करने पहुंच रहे हैं। शास्त्रीनगर स्थित दुर्गा मंदिर को खिलौनों से सजाया गया। वहीं ज्यादातर पंडालों में देवी दुर्गा बुधवार से विराजेंगी और बंगाली समाज विधि-विधान पूजन करेगा।
शारदीय मेला से बंगाली क्लब में दुर्गा पूजा अनुष्ठान शुरू
हीवेट रोड स्थित बंगाली क्लब परिसर में रविवार को शारदीय मेले का आयोजन किया गया। शुरुआत पेंटिंग व मेहंदी प्रतियोगिता से हुई। प्रतिभागियों ने दुर्गा पूजा से संबंधित चित्र बनाकर उसमें रंग भरें। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईएएस लीना जौहरी ने किया। बंगाली समाज की महिलाओं ने कपड़े, खाद्य सामग्री, कॉस्मेटिक समेत कई सामानों के स्टॉल लगाए। क्लब अध्यक्ष अरुण बनर्जी ने बताया कि दुर्गा पूजा महाअनुष्ठान शुरू हो गया है।
रंगोली कलाकारों ने सजाई मां की वेदी
चारबाग में सेवा ग्राम कॉलोनी के रेलवे पार्क में दुर्गा पूजा वेदी सजाने का काम रविवार को पूरा हुआ। रंगोली कलाकार रीना बोस, श्वेता, वर्षा, इशी, विधि, सरोज ने मिलकर वेदी को सजाया।
