लखनऊ – बाजारखाला में हैदरगंज ओवरब्रिज पर बुधवार को चाइनीज मांझे ने बाइक से जा रहे दुबग्गा के सीते बिहार निवासी सैयद शोएब (34) की जान ले ली। मांझा इतना सख्त था कि उससे शोएब के गले की नस कट गई। वह अनियंत्रित होकर बाइक से सड़क पर गिर पड़े। ट्रॉमा सेंटर में शोएब की जान चली गई।
राहगीरों ने दिखाई मानवता, खाली कराया रास्ता
शोएब को खून से लथपथ देखकर राहगीरों ने मानवता दिखाई। बाइक सवार राहगीर ई-रिक्शा के आगे आगे ट्रैफिक खाली कराते हुए शोएब को ट्रॉमा सेंटर तक लेकर गए। हालांकि, इलाज के दौरान शोएब की जान चली गई। ट्रॉमा सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेमराज ने बताया कि घायल का अत्यधिक खून बह चुका था। इसकी वजह से तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। उधर, पुलिस ने भी हैदरगंज चौराहे पर रास्ता खाली कराकर ई-रिक्शा को रास्ता दिलाया। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटनास्थल पर चालक का हेलमेट मिला है। बाइक कब्जे में ले ली गई है।
