उरई- बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जोड़ने वाले झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि का सर्किल रेट कम तय किए जाने से नाराज किसानों ने सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचे।
24 से अधिक किसानों ने हल्ला बोला। वहीं जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा और जमीन का उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। सोमवार को डकोर ब्लॉक के गोरन के किसानों ने बताया कि झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा तय किया गया सर्किल रेट बेहद कम है। किसानों का कहना है कि उनकी जमीन सड़क से जुड़ी होने के बावजूद निजी स्तर पर जमीन के जो दाम मिल रहे हैं, उनकी तुलना में सर्किल रेट काफी कम है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सर्किल रेट में वृद्धि कर बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों के साथ न्याय हो सके।इस दौरान धीरेंद्र सिंह राजपूत,जवाहर सिंह,रामजी, राजकुमार, रामनाथ, शिवनाथ, पवन कुमार, मोजीलाल,अतर सिंह, प्यारे लाल, परशुराम, अर्जुन राजपूत, शिवपाल,राम अवतार, श्री प्रसाद, चंद्रपाल, हरगोविंद, भागीरथ, बृज किशोर,संतराम, रामजी, प्रेम नारायण सहित किसान मौजूद रहे।
