लखनऊ- विभूतिखंड थाने के बगल स्थित निर्माणाधीन सात मंजिला होटल ताज के बेसमेंट में शुक्रवार शाम को भीषण आग लग गई। इस हादसे में बेसमेंट में काम कर रहे 200 श्रमिक धुएं के कारण फंस गए थे। हालांकि, दूसरे तल पर काम कर रहे श्रमिकों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटनास्थल पर पहुंची दमकल की 13 गाड़ियों की मदद से करीब पांच घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

होटल में बेसमेंट के बी-1, बी-2, बी-3 और ऊपर चार मंजिल हैं। बेसमेंट के बी-1 में टाइल्स और डेकोरेशन का काम चल रहा था, जहां लगभग 200 श्रमिक काम कर रहे थे। बी-3 में वायरिंग हो रही थी। शाम करीब चार बजे, बी-3 में पत्थर और टाइल्स काटते समय मशीन से निकली चिंगारी पास रखे ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आ गई, जिससे आग भड़क उठी।

डेकोरेशन के सामान और ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैली और काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे श्रमिक फंस गए। हालांकि, अन्य तलों पर काम कर रहे श्रमिकों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *