बख्शी का तालाब। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर लोधमऊ गांव आलू खोदने जा रहे मजदूर शिवकुमार गौतम (55) की उसी ट्रैक्टर के नीचे कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और शव को कब्जे में ले लिया है।

रैथा निवासी शिवकुमार के बेटे संदीप ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे उनके पिता मुतक्कीपुर सैरपुर निवासी फुरकान की ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर आलू खोदने के लिए लोधमऊ स्थित फार्म हाउस जा रहे थे। ट्रैक्टर रैथा निवासी अनूप उर्फ झम्मा चला रहा था। रास्ते में चार पहिया वाहन के सामने आने पर ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक मार दिया। इससे सीट पर बैठे शिवकुमार उछलकर नीचे सड़क पर जा गिरे और ट्रैक्टर का पिछला टायर उनके सिर को रौंदता हुआ निकल गया। संदीप का आरोप है कि घटना के बाद चालक ने साथी मजदूरों की मदद से मरणासन्न शिवकुमार को आलू के बोरों से ढक दिया और ट्रॉली में डालकर ट्रैक्टर फार्म हाउस में खड़ा कर दिया। घटना की जानकारी ट्रैक्टर मालिक को देने के बाद वह मौके से भाग निकला।

ट्रैक्टर मालिक फुरकान घायल अवस्था में पड़े शिवकुमार को लेकर घर पहुंचा। वहां वह घर वालों को चार लाख रुपये देने की बात कहने लगा। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस शिव कुमार को राम सागर मिश्र हॉस्पिटल लेकर आई, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शराब पीकर तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहा था चालक

संदीप का आरोप है कि चालक अनूप उर्फ झम्मा शराब पीकर ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चला रहा था। इसकी वजह से हादसा हुआ। छह माह पहले अनूप की लापरवाही से इसी ट्रैक्टर की चपेट में आकर नीरज नाम के युवक की मौत हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि संदीप की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *