झांसी। चंद्रशेखर आजाद तिराहे के पास स्थित उपनिदेशक कृषि कार्यालय परिसर के भीतर युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। बृहस्पतिवार दोपहर तेज दुर्गंध आने पर कर्मचारियों के तलाशने पर शव का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे चीरघर में रखवाया है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कृषि विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि दोपहर को उपनिदेशक कार्यालय के पास से तेज बदबू आ रही थी। खोजने पर दीवार के पीछे एक युवक इंटरनेट केबल से बनाए फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। शव मिलने से कार्यालय में सनसनी फैल गई। कर्मचारी भी बाहर निकल आए।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक युवक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास है। शव करीब तीन दिन पुराना है। उसके पास से शिनाख्त संबंधी कोई कागज नहीं मिल सका। इस वजह से उसकी अभी तक शिनाख्त नहीं कराई जा सकी। उसके शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
