यूपी के श्रावस्ती में शुक्रवार की सुबह डीजल टैंकर में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गंभीर रूप से घायल टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसा इकौना क्षेत्र के बौद्ध परिपथ पर हुआ।
बताया गया कि लखीमपुर खीरी के ऊचौलिया थाना क्षेत्र के सोनऊआ निवासी अर्जेंट कुमार सिंह (45) टैंकर चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। सुबह वह टैंकर लेकर बलरामपुर जा रहे थे। भगवानपुर बनकट के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टैंकर में टक्कर मार दी। ट्रक परचून का सामान लेकर मुरादाबाद से मानकपुर जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
टैंकर चला रहे अर्जेंट टैंकर के केबिन में फंस गए। वहीं, ट्रक चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर आई इकौना पुलिस ने जेसीबी की मदद से टैंकर का केबिन काटकर अर्जेंट को बाहर निकाला। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अर्जेंट कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया।
डीजल होता तो हो जाता भयावह हादसा
ट्रक व टैंकर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के केबिन में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि गनीमत रही कि टैंकर में डीजल नहीं था। अगर, डीजल होता को केबिन में लगी आग से भीषण धमाका हो सकता था।
थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
