राजधानी लखनऊ के चिनहट में शनिवार शाम को एक वाटर प्लांट को चोरी की बिजली से चलाते हुए पकड़ा गया। प्लांट के संचालक ने स्मार्ट मीटर से पहले तार को काटकर मीटर को बाईपास कर लिया था। मामले में करीब 25 लाख रुपये जुर्माना निर्धारित होने का अनुमान है। जानकारी में आने पर प्लांट की बिजली काटकर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
गोमतीनगर के जोनल मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि चिनहट स्थित आनंदी वाटर पार्क के पीछे मौजूद गुरु का पुरवा में अजय ब्रवेरेज नाम से 49 केवीए के वाटर प्लांट के लिए एलटी पर कनेक्शन लिया गया था। अधिशासी अभियंता पवन वर्मा व एपी सिंह की टीम ने जांच के दौरान पाया कि स्मार्ट मीटर से पहले लगने वाले करंट टर्मिनल के तारों को काट कर सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। यह वाटर प्लांट गुरु का पुरवा निवासी अजय सिंह का है जिसको कार्तिक कुमार ने किराए पर लिया था। हालांकि, जांच में स्मार्ट मीटर तो बंद मिला,जिसके कारण विद्युत लोड की खपत का अनुमान नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें – 19,778 प्रीपेड मीटर की बत्ती बंद, पानी तक को तरसे, मुख्य अभियंता बोले- बैलेंस नहीं तो बिजली नहीं
ये भी पढ़ें – नारियल फटने से निकली चिंगारी से यज्ञशाला में लगी भीषण आग, राम मंदिर से एक किमी दूर घटी घटना
इस संबंध में कनेक्शन मालिक को नोटिस जारी किया गया है। सबसे बड़ा सवाल है कि एमआरआई बेस बिलिंग के बाद भी कैसे बिजली चोरी की जा रही थी। इस प्रकरण की भी जांच कराई जाएगी।