लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम सफेदाबाद के पास एलपीजी गैस से भरे टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते हालात इतने गंभीर हो गए कि अफरातफरी व दहशत के बीच भारी पुलिस बल ने घटनास्थल से करीब 500-500 मीटर पहले ही हाईवे को दोनों ओर से सील कर यातायात रोक दिया।
एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई। रात करीब 10 बजे इंडियल ऑयल के एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे अफरातफरी व भीषण जाम रहा। दोनों ओर करीब 10 किमी से अधिक लंबा जाम लगा। इसके अलावा किसान पथ व देवा रोड पर डायवर्जन के बाद यातायात का दबाव बढ़ गया है। कई एंबुलेंस अभी फंसी। हालात सामान्य होने का इंतजार है। रात करीब 10 बजे एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि रिसाव रोकने के लिए टीम मौजूद है।
