लखनऊ के गोमतीनगर के विनीतखंड निवासी कृष्ण प्रताप सिंह ने कुछ लोगों पर ठगी के 13 करोड़ रुपये वापस मांगने पर सीरियल किलर सोहराब रुस्तम से उनकी व सेवानिवृत्त आईएएस पिता की हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। डीसीपी पूर्वी के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र प्रताप सिंह सितंबर 2023 में सेवानिवृत्त हुए थे। पड़ोस में मारुत सुत तिवारी और उसकी पत्नी आनंदिता तिवारी रहते थे। दोनों खुद को एपेक्स इंडिया कंसोर्टियम प्रालि. के निदेशक बताते हैं। मारुत के परिचित विजय कोहली व रश्मि कोहली वेलनेस नैप्यून प्रालि व वीरा लाइफ साइंसेज प्रालि के निदेशक हैं। कृष्ण ने बताया कि वर्ष 2022 में चारों ने उन्हें कंपनी का 50 फीसदी हिस्सेदार बनने का झांसा दिया था। मारुत ने पिता को अपेक्स इंडिया कंसोटियम का चेयरमैन बना दिया। उन्हें नियुक्तपत्र भी दिया गया था। इसके बदले चारों ने उनसे और पिता से 13 करोड़ रुपये कारोबार में लगाने की बात कही थी।
ये भी पढ़ें – नोएडा हिंसा: हालात काबू में, भड़काने वालों की तलाश तेज, 300 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया
ये भी पढ़ें – मूर्ति स्थापना को लेकर एक ही समाज के दो गुटों के बीच विवाद, अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम
2024 तक रकम लौटाने का किया था दावा
आरोपियों ने सारी रकम ब्याज सहित 2024 तक लौटाने का दावा किया था। ऐसे में उन्होंने व पिता ने रकम चारों को दे दी। मारुत ने कूटरचित अनुबंध भी तैयार कराया था। बाद में आरोपी वादे से मुकर गए। रकम मांगने पर मारुत ने 29 अक्तूबर 2025 को रुपये लौटाने का वादा किया, जो पूरा नहीं हुआ। 16 नवंबर 2025 को वह पिता के साथ हुसड़िया चौराहे पर दवा लेने जा रहा था। तभी मारुत, आनंदिता, श्री तिवारी व पांच अज्ञात अज्ञात लोगों ने निवेश की गई रकम भूलने के लिए कहा। ऐसा न करने पर उनकी व पिता की हत्या सीरियल किलर सोहराब रुस्तम से कराने की धमकी दी। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर मारुत, आनंदिता, विजय, रश्मि, श्री तिवारी व पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी भागे चल रहे हैं। विवेचना में जो साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
