समय पर रसोई गैस न मिलने से मारपीट की घटनाएं भी होने लगी हैं। मंगलवार सुबह कोतवाली के सैंयर गेट बाहर स्थित जमुना गैस एजेंसी में जमकर बवाल हुआ। सिलिंडर लेने आए युवक को कर्मचारियों ने घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह मारा। युवक के बाहर भागने पर कर्मचारियों ने बाहर भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने हंगामा एवं शांति भंग के आरोप में आठ लोगों का चालान किया।

मढ़िया मोहल्ला निवासी रिटायर्ड नर्स क्रांति देवी का जमुना गैस एजेंसी में कनेक्शन है। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे क्रांति देवी का बेटा गगन पटेल सिलिंडर लेने पहुंचा। एजेंसी पर गगन ने बताया कि 7 अप्रैल की बुकिंग है। अभी तक उसके घर सिलिंडर नहीं आया। उसे अब जरूरत है। एजेंसी पर मौजूद नीरज एवं मनीष ने कहा कि गाड़ी न आने से सिलिंडर नहीं मिल सकता। इस बात पर दोनों में कहासुनी हो गई।

पुलिस ने आठ पर शांतिभंग में की कार्रवाई

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तब तक एजेंसी के अन्य कर्मचारी भी जुट गए। उन लोगों ने उसे ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। उसे लात-घूंसों से मारने लगे। गगन बचने के लिए बाहर भागा। नीरज, मनीष, राहुल यादव, अमन श्रीवास्तव, बीटू खटीक आदि ने उसे बाहर भी दौड़ा-दौड़ाकर मारा। गगन से मारपीट की सूचना पर उसके दोस्त भी पहुंच गए। आरोप है कि गगन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कर्मचारियों को पीटा। कोतवाली प्रभारी विद्यासागर सिंह भी पहुंच गए। यहां से राहुल यादव, नीरज खटीक, मनीष शिवहरे, अमर श्रीवास्तव, बीटू खटीक समेत गगन पटेल, उसके दोस्त पीयूष श्रीवास्तव एवं सोनू साहू को पकड़कर कोतवाली लाई। कोतवाल विद्यासागर सिंह के मुताबिक आठों का शांति भंग में चालान कर दिया गया।

ताला बंद करके भाग निकला संचालक

मारपीट की घटना के बाद एजेंसी संचालक ताला बंद कर भाग निकला। तमाम उपभोक्ता सिलिंडर लेने निकले थे लेकिन एजेंसी में ताला बंद होने से उनको मायूस होकर लौटना पड़ा। कई उपभोक्ता कई घंटे बाहर ही खड़े रहे लेकिन उनको सूचना देने वाला भी कोई नहीं था। काफी देर इंतजार करने के बाद उपभोक्ताओं को लौटना पड़ा।

उपभोक्ताओं का यह है कहना

एक महीने पहले सिलिंडर बुक किया था। अब तक नहीं मिला। एजेंसी पर कोई बताने वाला नहीं है। पूर्ति विभाग से भी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। इकरार खान

पिछले माह सिलिंडर बुक किया था। एजेंसी वाले पर्ची भी नहीं दे रहे हैं। कई बार पर्ची लेने आ चुके। अभी तक नहीं मिल सकी। खाना बनना मुश्किल हो रहा है।विवेक नायक

16 मार्च को सिलिंडर की बुकिंग कराई थी। कई बार पर्ची लेने आई, लेकिन एजेंसी के लोग सही से बताते भी नहीं। संचालक भी ग्राहकों की कोई सुनवाई नहीं कर रहे। लक्ष्मी गुप्ता

मारपीट का वायरल वीडियो…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *