स्मार्ट प्रीपेड मीटर का बैलेंस शून्य होने पर तीन दिन अथवा 200 रुपये तक बिजली नहीं कटेगी। इसके साथ ही नए स्मार्ट मीटर लगने पर 45 दिन तक कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह व्यवस्था 2 किलोवाट भार वाले उपभोक्ताओं पर लागू होगी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने यह निर्देश दिए।
शक्ति भवन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिया कि उपभोक्ता को पांच स्तरीय एसएमएस अलर्ट दिया जाए। बैलेंस 30 प्रतिशत होने पर पहला, 10 प्रतिशत पर दूसरा, बैलेंस समाप्त होने पर तीसरा, कनेक्शन काटने से एक दिन पूर्व चौथा तथा कनेक्शन काटने के बाद पांचवां संदेश भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें – भीषण गर्मी व तपिश का कहर: प्रचंड गर्मी से फिलहाल नहीं मिलेगी राहत, 11 जिलों में लू की चेतावनी
ये भी पढ़ें – 21.47 करोड़ के बैंक घोटाले में ईडी ने शुरू की जांच, मांगे अभिलेख, बिना दस्तावेज बांटे गए ऋण
रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में बैलेंस निगेटिव होने पर भी बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने डिस्कॉम अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ट्रांसफार्मर बदलने में देरी न हो तथा ढीले तारों और स्पार्किंग की समस्याओं को तत्काल ठीक किया जाए।
रुपये आप कमाओ, गाली कम खाएं – शर्मा
स्मार्ट मीटर को लेकर आ रहीं शिकायतों पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मीटर कंपनियों और ऊर्जा प्रबंधन के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। शक्ति भवन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इन कंपनियों ने धोखा दिया है। रुपये आप कमाओ और जनता से हम गाली खाएं। यह अब नहीं चलेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मीटर लगाने वाली कंपनियों का भुगतान रोका जाए।
बैठक में फील्ड से मिले फीडबैक की चर्चा करते हुए उन्होंने एक-एक केस बताएं। यह भी बताया कि उपभोक्ता रुपये जमा कर देते हैं, लेकिन कनेक्शन छह घंटे बाद भी नहीं जुड़ा। जब उन्होंने एक्सईएन को तलब किया तो उसने मोबाइल पर मैसेज दिखाया। एसडीओ और एक्सईएन कनेक्शन जोड़ने के लिए बार- बार मैसेज कर रहे हैं, लेकिन निजी कंपनी के कर्मचारी सो रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिया कि एक्सईएन कार्यालय में ही निजी कंपनी अपना सेटअप रखे। ताकि उपभोक्ता के रुपये जमा करते ही तत्काल कनेक्शन जोड़ा जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अब कनेक्शन काटने और जोड़ने का फैसला एसडीओ और एक्सईएन के स्तर पर होगा। बैठक में अपर मुख्य सचिव/ कार्पोरेशन अध्यक्ष डा. आशीष गोयल, डीजी विजलेंस जय नारायण सिंह सहित सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एवं सभी जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
