मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा की समीक्षा करेंगे और इस बाबत आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। बैठक में सभी एडीजी जोन, पुलिस कमिश्नर, मंडलायुक्त, आईजी-डीआईजी रेंज, डीएम, जिलों के पुलिस कप्तान और डीआईओएस उपस्थित रहेंगे। होमगार्ड भर्ती परीक्षा आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसके दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सुविधा और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के लिए सीएम योगी अधिकारियों को निर्देश देंगे। इस दौरान वह कानून व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे। प्रदेश सरकार का जोर परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) आधिकारिक वेबसाइट पर चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार अपनी परीक्षा तिथि के अनुसार ही एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
