कोंच। कस्बे के रामगंज बाजार में दिनदहाड़े महिला का पर्स साफ करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को बाजार में खरीदारी के दौरान चप्पल ले रही महिला के पर्स से जेवर और नगदी पार कर लिया गया। महिला ने भुगतान के लिए पर्स खोला तो उसमें रखा सोने का पेंडल, चांदी की पायल और नकदी गायब मिली। इस पर महिला शोर मचाते हुए दुकान से बाहर आ गई।
मौके पर मौजूद लोगों को दुकान में खरीदारी कर रहे तीन युवकों पर शक हुआ, जिन्हें पकड़कर उनकी पिटाई कर दी गई। तलाशी लेने पर एक युवक के पास से कुछ जेवर और नगदी बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
महिला के पति हरनाम निवासी ग्राम बुढ़ेरा थाना नदीगांव की तहरीर पर पुलिस ने देर रात तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। (संवाद)
