नगर निगम सदन की बैठक में 13 में से पांच प्रस्तावों को मंजूरी नहीं दी जा सकी। खास बात यह है कि पास न होने वाले तीन प्रस्ताव सदर विधायक रवि शर्मा की ओर से दिए गए थे, जो कि खेल के मैदान से संबंधित थे। ऐसे में इसको लेकर खूब चर्चा रही।
सदर विधायक की ओर से नयागांव में खेल के मैदान के लिए 0.36 हेक्टेयर भूमि आरक्षित करने के लिए पत्र दिया गया था। पार्षद रितिका तिवारी ने सुझाव दिया कि ध्यानचंद पहाड़ी के पास सरकारी भूमि पर खेल मैदान बनाया जाए। इसका अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। ऐसे में सदन की ओर से इस मामले में परीक्षण कराने की बात कह दी गई। हालांकि, बाद में पार्षद ने कहा कि वह नयागांव में ही खेल मैदान बनाने के लिए सहमत हैं। लेकिन कुछ पार्षद कहने लगे कि एक बार निर्णय हो जाने पर दूसरी बार सदन में प्रस्ताव छह महीने तक नहीं लाया जा सकता। इसके अलावा बिजौली में रास्ता न होने और कोछाभांवर में भूमि का परीक्षण न हो पाने से भी खेल मैदान का प्रस्ताव पास नहीं हुआ। जबकि, सदन से गरियागांव में बचपन डे केयर सेंटर और दिव्यांग पार्क बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इसके अलावा ट्रेड लाइसेंस शुल्क की नई दरें और 44 मद भी शामिल करने को हरी झंडी दे दी गई।
