नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने के मामले में वांछित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की स्टॉफ नर्स कंचन प्रजापति को नवाबाद पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट के सामने प्रस्तुत किया, यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिसंबर माह में बड़ागांव के दिगारा गांव निवासी महिला ने नौकरी दिलाने के नाम पर झांसा देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में उसके साथ उसका पति कुलदीप प्रजापति भी नामजद किया गया था। पुलिस दोनों को तब से तलाश रही थी। रविवार को उसे नई बस्ती के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि जीतू बागवार के कहने पर उसने महिला से ठगी की थी। इस मामले में पुलिस उसे भी तलाशने में जुटी है। पुलिस टीम में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव, मोहित राणा, पूनम समेत अन्य शामिल रहे।
