प्रदेश में 7994 पदों पर लेखपाल भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को प्रदेश के 44 जिलों के 861 केंद्रों पर लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में पंजीकृत 366712 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 301756 कुल 82.29 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन व शासन स्तर से कड़ी निगरानी की गई।
परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई थी। इसमें परीक्षा शुरू होने पर राजधानी के गोपीनाथ लक्ष्मणदास रस्तोगी इंटर कॉलेज, ऐशबाग के एक कमरे से पेपर लीक होने की अफवाह उड़ी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा इसका सत्यापन जिला प्रशासन व अन्य अधिकारियों से किया गया। इसमें यह सूचना गलत पाई गई।
आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया के अनुसार वहां पर ओएमआर व पेपर सील पैकेट में सुरक्षित थे। कमरा संख्या 21 के कुछ अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने के पहले भ्रम में उठकर कमरे से बाहर आ गए थे, जिन्हें वहां उपस्थिति अधिकारियों ने सही जानकारी देते हुए परीक्षा में वापस शामिल कराया। उन्होंने बताया कि बुलंदशहर के शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज, जहांगीराबाद केंद्र पर एक संदिग्ध अभ्यर्थी मिला।
बायोमीट्रिक व अन्य डाटा से मिलान कर उसके खिलाफ कार्यवाही के लिए स्थानीय पुलिस को दे दिया गया। आयोग की ओर से शुचितापूर्ण परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों, जिला मुख्यालयों और आयोग मुख्यालय पर बने कंट्रोल कमांड रूम से सीसीटीवी से लगातार निगरानी की गई। बायोमीट्रिक वेरीफिकेशन और एआई का प्रयोग कर किसी दूसरे के परीक्षा में शामिल होने के प्रयासों को रोका गया। परीक्षा के दौरान 861 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 861 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 34378 कक्ष निरीक्षण तैनात थे।
