भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना सपा के वास्तविक चरित्र को उजागर करती है।
जो पार्टी मंचों से महिला सम्मान, सामाजिक न्याय और अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करती है, उसमें महिला पदाधिकारी तक सुरक्षित नहीं हैं। सपा को प्रदेश की महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
सपा की राजनीति केवल दिखावे और नारों तक सीमित
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा कि यह घटना केवल एक महिला पदाधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और आत्मसम्मान पर सीधा आघात है। सपा का तथाकथित पीडीए अब ‘पीड़ा, दमन और अपमान’ का प्रतीक बन चुका है। सपा की राजनीति केवल दिखावे और नारों तक सीमित है। मंचों पर महिला सम्मान की बातें करना और व्यवहार में महिलाओं का अपमान करना ही सपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा है।
यह घटना बताती है कि सपा में महिलाओं को केवल पोस्टरों और प्रचार तक सीमित रखा जाता है, जबकि वास्तविकता में उन्हें अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। प्रदेश की महिलाएं सपा की मानसिकता को पहचान चुकी हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
सपा का महिला सम्मान का मॉडल पूरी तरह खोखला और अवसरवादी है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को सुरक्षा, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। विपक्षी दल केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए महिलाओं के मुद्दों का इस्तेमाल करते हैं। चंदौली की घटना सपा के अंदर व्याप्त अराजकता, गुटबाजी और महिला विरोधी मानसिकता का प्रमाण है।
