उरई जिले में बृहस्पतिवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने जिलेभर में भारी तबाही मचाई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए और यातायात प्रभावित रहा। तेज हवाओं के कारण कई जगह बिजली के पोल और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए।
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों के घरों की छतों पर रखे सामान उड़ गए। कई इलाकों में टीनशेड और होर्डिंग भी गिर पड़े। शहर समेत पूरे जिले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सात घंटे से बिजली नहीं आई है। बारिश के चलते कई निचले इलाकों और खेतों में पानी भर गया।
