उरई। मंगलवार को तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की गई तथा अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिनभर तेज गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे, हालांकि शाम को हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिली।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही। दोपहर के समय वातावरण में उमस बढ़ने से लोगों को गर्मी का दोहरा असर झेलना पड़ा। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा। शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम ने करवट ली और ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश भले ही ज्यादा देर नहीं हुई, लेकिन इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 44.1 डिग्री और न्यूनतम 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक विस्टर जोशी ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। हालांकि आगामी एक सप्ताह तक कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में पारा फिर से 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
गर्मी और उमस के बीच शाम की हल्की बारिश ने लोगों को राहत तो दी है, लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक तेज गर्मी का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
