झांसी-भोपाल रेलवे रूट पर बल्लमपुर के पास एक बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी का शव पड़ा मिला है। उसकी बाइक पटरी किनारे खड़ी मिली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कारोबारी के खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवाय नगर राजगढ़ निवासी मनीष यादव (33) दो भाइयों में छोटा था। 10 साल पहले रेलवे में तैनात पिता की मौत के बाद बड़े बेटे हाकिम को मृतक आश्रित कोटे से रेलवे में नौकरी मिल गई थी। छोटा भाई मनीष बिल्डिंग मैटेरियल का काम शुरू कर दिया। परिजन ने बताया कि मनीष बीते दिन दुकान बंद कर घर पहुंचा और कुछ देर बाद बाइक उठाकर निकल गया। देर रात तक वापस न लौटने पर उसकी खोजबीन की तो बल्लमपुर के पास से निकली रेल लाइन किनारे उसकी बाइक खड़ी मिली और पास में उसका शव पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका है। परिजनों ने बताया कि मनीष के छह साल का बेटा है और पत्नी गर्भवती है। थाना प्रभारी प्रेमनगर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मनीष के खिलाफ आपराधिक मामले में दर्ज हैं। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके।
