उरई जिले में माधौगढ के गोपालपुरा स्थित पहुज नदी में नहाने आए तीन युवक नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू करा दिया गया। जानकारी के अनुसार, जिला भिंड के मिहौना थाना क्षेत्र के गांव रिधोरा निवासी जगमोहन बघेल (19), सुदीप बघेल (15) और अंतियनपुरा निवासी अबनीश यादव (20) अपने साथियों के साथ नदी में नहाने आए थे।
इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवकों की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है। सीओ अंबुज यादव का कहना है कि युवकों की तलाश की जा रही है। एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
