नगर निगम ने सीपरी बाजार में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। दुकानों के चबूतरों को बुलडोजर से तोड़ा गया। इसके अलावा ठेले वालों से जुर्माना भी वसूला। नजूल की भूमि पर बनीं 20 से ज्यादा दुकानों को हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। यहां शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा।
बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने सीपरी बाजार ओवरब्रिज के नीचे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। यहां पर फुटपाथ तक दुकानदारों ने सामान रखा हुआ था, जिसे तोड़ा गया। इसके अलावा दुकान की टिनशेड का भी काफी हिस्सा बाहर निकाल रखा था। इन सबको नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से हटाने की कार्रवाई। इसके बाद टीम ने सीपरी बाजार सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यहां नगर निगम ने नजूल की भूमि पर कुछ दुकानदारों को कई साल पहले पट्टा दिया था। अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव ने बताया कि पट्टे की समयसीमा खत्म होने के बाद भी ये दुकानें नहीं हटाई गई हैं। यहां पर नगर निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होना है। ऐसे में 20 से ज्यादा संचालकों को दुकान हटाने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई है। साथ ही अवैध रूप से सड़क पर खड़े ठेलों को भी हटवाकर 45 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, सहायक नगर आयुक्त सीपी पांडेय, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, प्रवर्तन दल प्रभारी सुरेश सिंह मौजूद रहे।
सीपरी बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई करता नगर निगम प्रशासन…