राम राजा दवा बाजार स्थित महेश मेडिकल एजेंसी में गार्ड को बंधक बनाकर लूट करने वाले दोनों बदमाश बुधवार आधी रात के बाद बसेरा फार्म हाउस के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट की रकम करीब 1.49 लाख रुपये समेत वारदात में इस्तेमाल गैस कटर एवं अन्य वस्तुएं भी बरामद की हैं। इनमें से एक बदमाश कुछ महीने तक दवा कारोबारी के यहां नौकरी भी कर चुका। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है।

एसपी (सिटी) प्रीति सिंह के मुताबिक दोनों बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। इसी दौरान दोनों बदमाशों के बसेरा फार्म हाउस के पास होने की सूचना मिली। बुधवार आधी रात के बाद नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव एवं स्वॉट टीम मौके पर जा पहुंची। पुलिस को देख दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पांव में गोली लगने से वह घायल हो गए। पूछताछ में अपना नाम छोटे लाल राजपूत उर्फ पवन निवासी हाईटेक सिटी के पास, रक्सा बताया जबकि दूसरे ने दिनेश निवासी करेरा शिवपुरी बताया। पुलिस के मुताबिक छोटे लाल पहले विजय के यहां नौकरी करता था। विजय ने उसकी हरकतों की वजह से उसे नौकरी से बाहर कर दिया था। उसे दुकान के बारे में सब कुछ पता था। वारदात से पहले दिनेश को लेकर उसने रेकी भी की थी।

बता दें, शनिवार तड़के दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए क्राइम ब्रांच के दफ्तर के सामने बने दवा बाजार में घुसकर दोनों बदमाशों ने गार्ड को बंधक बना लिया था और गैस कटर से शटर काटकर गल्ले में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें