पॉश कॉलोनी अशोक सनफ्रान कॉलोनी में रविवार को घुसे बदमाशों ने एक साफ्टवेयर इंजीनियर के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने पार कर दिए। बृहस्पतिवार को चोरी की सूचना मिलने पर वह लोग फ्लाइट से मकान मालिक को इस बारे में मालूम चला। उन्होंने पुसिल को सूचना देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी है हालांकि पहले से ही इन बदमाशों को तलाशने में जुटी है।
अशोक सरफ्रान कॉलोनी के मकान नंबर एम-135 निवासी मंजू अग्रवाल पत्नी अनिल अग्रवाल ने बताया कि वह 25 फरवरी को बंगलुरू में रहने वाले अपने बेटे प्रसून के पास चली गईं थीं। घर में ताला बंद था। आसपास के लोग ही इसकी देखरेख करते थे। बृहस्पतिवार को घर के पिछले दरवाजे का ताला टूटा मिला। यह देखकर पड़ोसियों ने उनको सूचना दी। यह सुनकर वह अपने बेटे के साथ फ्लाइट से यहां पहुंची। यहां आकर उन्होंने देखा कि ऊपरी मंजिल पर बने दो कमरों के ताले टूटे हुए हैं। सारा सामान नीचे बिखरा पड़ा था। आलमारी का लॉक भी तोड़ दिया गया। उनके पुत्र प्रसून ने बताया कि आलमारी में करीब दो किलो चांदी समेत लाखों रुपये के सोने के जेवर, अमेरिकी डॉलर, 17 पुराने सिक्के समेत अन्य कीमती सामान रखे हुए थे। चोर यह पूरा सामान उठा ले गए हालांकि यह पूरी घटना बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी पहुंचकर छानबीन की। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
कच्छा बनियान गिरोह के सदस्यों के होने की आशंका
जिस दिन मंजू के घर में चोरी हुई उसी दिन अशोक सनफ्रान कॉलोनी में कच्छा-बनियान गिरोह के पांच बदमाश भी आ घुसे थे हालांकि कॉलोनी अध्यक्ष ने उस दौरान बताया था कि गार्डों के बाहर आ जाने की वजह से पांचों बदमाश वहां से भाग गए। चोरी की कोई घटना कॉलोनी में नहीं हुई थी। अब मंजू के घर में रविवार को ही चोरी होने की बात सामने आने पर यह काम उसी गिरोह के बदमाशों के होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
विवेकानंद कॉलोनी में भी हुई चोरी
झांसी। नवाबाद के सिविल लाइंस के विवेकानंद कॉलोनी निवासी पवन कुमार गुप्ता के घर का भी चोरों ने ताला चटकाकर सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 60 हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए। उन्होेंने बताया कि घर में ताला बंद करके वह इंदौर में शादी समारोह में गया था। घर की देखभाल वहां काम करने वाली महिला को सौंपी थी। मंगलवार सुबह घर का ताला टूटा मिला। यह खबर मिलते ही बृहस्पतिवार को वह लोग शादी छोड़कर झांसी आ गए। कमरे का ताला तोड़कर चोर अंदर जा घुसे। अंदर चोरों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात उड़ा दिए। यह घटना भी सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस भी सूचना मिलने पर पहुंची।
