सीपरी बाजार के नंदनपुरा मोहल्ला निवासी दिनेश पाल (40) ने पत्नी से विवाद के बाद जहर निगल लिया। गंभीर हालत में पत्नी उसे मेडिकल अस्पताल लाई। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
दिनेश पाल खाती बाबा इलाके में फलों का ठेला लगाता था। परिवार में पत्नी सीमा समेत एक बेटा देवेंद्र उर्फ राज एवं बेटी कुमकुम है। दोनों अभी पढ़ाई करते हैं। दिनेश पिछले दो दिनों से ठेला नहीं लगा रहा था। परिजनों ने बताया कि इस बात को लेकर उसका शुक्रवार को पत्नी सीमा से विवाद हो गया। पत्नी उसे ठेला लगाने को कह रही थी लेकिन, दिनेश राजी नहीं था। विवाद के बाद सीमा घर से बाहर चली गई। दिनेश घर में ही था। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर जहर निगल लिया। कुछ देर में ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पत्नी के लौटने पर उसने जहर निगलने की बात उसे बताई। आस पड़ोस के लोगों की मदद से उसे मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने भी उसके जहर निगलने की पुष्टि की। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से पत्नी समेत बेटा-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे का कहना है कि घरेलू विवाद की वजह से दिनेश ने जहर निगला। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
