उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव करते हुए डॉ. मोनिका सिंह को कार्यवाहक निदेशक, उच्च शिक्षा नियुक्त किया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा अनुभाग-5 की ओर से गुरुवार को कार्यालय ज्ञापन जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार, शासन ने 31 दिसंबर 2025 को जारी उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसके तहत डॉ. बिंद्रावन लाल शर्मा, सहायक निदेशक, उच्च शिक्षा को कार्यवाहक निदेशक का दायित्व सौंपा गया था। शासन ने अब कार्यहित में डॉ. मोनिका सिंह, प्राचार्य, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोएडा (गौतमबुद्धनगर) को अग्रिम आदेशों तक कार्यवाहक निदेशक, उच्च शिक्षा के पद पर तैनात किया है।

शासन ने डॉ. मोनिका सिंह को तत्काल प्रभाव से निदेशक, उच्च शिक्षा का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अतिरिक्त दायित्व के लिए उन्हें कोई अतिरिक्त वित्तीय लाभ देय नहीं होगा। कार्यालय ज्ञापन में कहा गया है कि यह निर्णय सक्षम स्तर की स्वीकृति के बाद लिया गया है।

आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा मंत्री, राज्य मंत्री, प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों तथा प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।

उच्च शिक्षा विभाग में इस बदलाव को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब डॉ. मोनिका सिंह कार्यवाहक निदेशक के रूप में विभागीय कार्यों का संचालन करेंगी, जबकि डॉ. बिंद्रावन लाल शर्मा अपने मूल पद सहायक निदेशक, उच्च शिक्षा पर कार्यरत रहेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *