मामूली विवाद में अधिवक्ता ने साथियों के साथ स्कूटी सवार दो दोस्तों पर गोली चला दी। गोली वजीरगंज के पीर जलील निवासी अनस के पैर में लगी। अनस को उसका साथी हर्षित ट्रॉमा सेंटर लेकर गया, जहां उसका इलाज जारी है। हर्षित की तहरीर पर डायना कैफे के संचालक व अधिवक्ता सिराज, उसके साथी रिजवान, हमजा और पांच अज्ञात के खिलाफ कैसरबाग थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार रात अनस और हर्षित डायना कैफे में बैठे थे। इसी दौरान कैफे में सिराज और रिजवान का कुछ लोगों से विवाद हो गया। हर्षित का कहना है कि विवाद बढ़ता देखकर अनस और उन्होंने बीचबचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया और थोड़ी देर बाद वहां से निकल गए। आरोप है कि कैफे से निकलकर दोनों स्कूटी से घर जा रहे थे। इसी दौरान कार सवार आरोपियों ने उनका पीछा किया और रतन स्क्वायर के पास ओवरटेक कर दोनों को रोक लिया। आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों की पिटाई कर दी। इसके बाद असलहे से फायरिंग की। गोली अनस के बाएं पैर में लगी और वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

ये भी पढ़ें – यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, इस बार पहले ज्यादा बारिश की संभावना; कल 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट



ये भी पढ़ें – पॉलिटेक्निक परीक्षा परिणाम घोषित: 93.42% छात्र पास, कॉपी में मोबाइल नंबर लिखने वाले 896 छात्रों को जीरो नंबर

भीड़ जुटने पर भाग निकले आरोपी

हर्षित का कहना है कि गोली की आवाज सुनकर वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ देखकर आरोपी कार से भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अनस को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अनस की हालत खतरे से बाहर है। इंस्पेक्टर का कहना है कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवाद का कारण पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अनस पर हो चुकी है गुंडा एक्ट की कार्रवाई

इंस्पेक्टर के मुताबिक छानबीन में सामने आया है कि अनस पर पहले से कई एफआईआर दर्ज हैं। हाल ही में उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। उधर, तीनों नामजद आरोपी अधिवक्ता हैं, जिन पर जानलेवा हमला, बलवा, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस असलहा बरामद करने का प्रयास कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *