बरुआसागर निवासी सुनील रायकवार (31) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। करीब 16 घंटे बाद सोमवार सुबह 9 बजे गोताखोरों ने उसके शव को बाहर निकाला। परिजनों का कहना है वह नहाने के लिए तालाब में गया था, गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।
अयोध्या की टोरिया मोहल्ला निवासी सुनील जीविकोपार्जन के लिए तालाब-नदियों से मछली पकड़कर बेचता था। सुनील तैरना भी जानता था। रविवार शाम मछली पकड़ने के बाद वह तालाब में नहा रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। तालाब में जाल पड़ा हुआ था, इसमें फंस जाने से वह बाहर नहीं निकल सका। रात में घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। उसे अंतिम बार तालाब के पास देखा गया था, तालाब के आसपास भी तलाश किया गया लेकिन, उसका पता नहीं चल सका। उसके लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। सोमवार सुबह गोताखोर को तालाब में उतारा गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह नौ बजे उसका शव मिला। परिजनों के मुताबिक सुनील की शादी हो चुकी लेकिन दो साल बाद ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई। उसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से तलाक भी ले लिया था। परिवार में एक छोटा भाई भी है।
बरुआसागर थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों ने किसी तरह की आशंका नहीं जताई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
