प्राविधिक शिक्षा परिषद ने सोमवार को सम सेमेस्टर, वार्षिक, विशेष बैक पेपर परीक्षा मई-जून-2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। 4 मई से 5 जून के बीच 236 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा में कुल 268686 छात्र पंजीकृत थे। सेमेस्टर सिस्टम में 124671, वार्षिक में 127304 और विशेष बैक पेपर में 7784 छात्र शामिल थे। 194 छात्रों का परिणाम रोका गया है। 896 उत्तर पुस्तिकाओं में मोबाइल नंबर लिखने पर संबंधित विषय में छात्रों को शून्य नंबर दिया गया है।
परिषद अध्यक्ष व प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एमके शन्मुगा सुंदरम ने बताया कि अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.42% और फार्मेसी का 62.69% रहा है। परिणाम परिषद की वेबसाइट www.bteup.ac.in पर अपलोड कर दिया गया है। इंजीनियरिंग स्ट्रीम में महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ आईटी महाराजगंज के आशुतोष प्रजापति ने 86.18% के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, वाराणसी की पूजा सिंह 85.62% के साथ द्वितीय और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अमेठी की अनुष्का सिंह 85.38% के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। फार्मेसी में रामेश्वरम फार्मेसी कॉलेज, सीतापुर की दिव्यांशी शुक्ला 84.35% के साथ प्रथम, टीआरसी महाविद्यालय बाराबंकी की जूली देवी 82.87% के साथ द्वितीय और राजकीय पॉलिटेक्निक जौनपुर के अभिषेक यादव 82.61% के साथ तृतीय स्थान पर रहे। परिणाम में अंतिम सेमेस्टर और फार्मेसी दोनों के टॉप-10 में से 8-8 स्थान छात्राओं ने हासिल किए। पहली बार दो राजकीय संस्थानों जौनपुर और प्रयागराज महिला पॉलिटेक्निक ने फार्मेसी टॉप-10 में जगह बनाई है।
